Sunday, October 20, 2013

कुत्ते की शादी|

आज के आधुनिक समय में कुत्ते व् कुतिया की शादी भी होने लगी है| लंदन में दिनांक ०३ मई २०११ को एक महिला ने अपनी पालतू कुतिया की शादी पर लगभग २०,००० पोंढ (करीब १४ लाख रूपये )खर्च किये| जैसे एक हजार पोंढ दुल्हन की पोशाक पर, चार हजार पोंढ़ फूलों के गुलदस्ते गुब्बारे आदि सजावट की चीजों पर, कुछ दुल्हे के कपड़ों पर तथा लगभग अस्सी बारातियों की पार्टी पर खर्च किये|

इसी प्रकार दिनांक १३-७-२०१२ को  एक कुत्ते, कुतिया की शादी अमेरिका के न्यूयार्क शहर के सेंट्रल पार्क में संपन्न हुयी| जिसमे १,५८,१८७.२६ डालर ( ९५ लाख रूपये )खर्च हुए|

हमारे भारत देश में भी हाल ही में एक कुत्ते की शादी का किस्सा सामने आया. यह शादी अमृतसर में  ११ सितम्बर को हुई और हनीमून लंदन में मनाया गया. यह शादी इतने धूमधाम से मनाई गयी कि मीडिया ने भी इस किस्से को खूब उछाला|

शादी तो एक अतिश्योक्ति से कम नहीं है लेकिन कुत्तों पर अनेक प्रकार से धन लुटाया जाता है| कुत्तों को तरह तरह के शेम्पू से नहलाया जाता है ब्यूटी पार्लर के द्वारा मेकअप कराया जाता है| बाज़ार में भी कुत्तों के लिए अनेक प्रकार के  ब्रांडेड खाने  उपलब्ध है|

देहली की एक कालोनी में प्रियवदा शर्मा ने अपनी ओरिया नाम की कुत्तिया का जन्मदिन बड़े धूमधाम से मनाया| उसकी चोबीस घंटे सेवा के लिए एक नोकरानी रक्खी हुयी है जो उसके सभी काम करती है| वह उसके लिए मांसाहारी भोजन भी तैयार करती है जबकि उनके घर में मांसाहारी भोजन नहीं खाते हैं|

हमारे देश के कुछ लोग विदेशों से विदेशी नस्ल के कुत्ते मंगाने पर बहुत धन खर्च करते हैं| जबकि दिनांक १५-४-२०१३ से हमारे देश में विदेशी नस्ल के कुत्ते मंगाने पर प्रतिबंध है|

हमारे देश में मध्यमवर्गीय व् निम्न श्रेणी के परिवारों का ब्रांडेड खाना, होटलों में जाना ब्यूटी पार्लर में मेकअप कराना एक सपना होता है|जबकि ये सभी सुविधाएँ कुत्तों को उपलब्ध हैं|

माना कि कुत्ता मनुष्य का एक अच्छा दोस्त है| वह एक वफादार नौकर की तरह निस्वार्थ भाव से अपने मालिक की रक्षा करता है| हमें भी हर प्रकार से उसके खानपान, रहन सहन तथा बीमार होने पर दवा का ध्यान रखना चाहिए| लेकिन हमें उस पर अपनी शानोशौकत दिखाने में इस प्रकार धन नहीं लुटाना चाहिए|

अन्त में मैं अपने देश के उन सभी कुत्ता प्रेमियों से अनुरोध करता हूँ कि वह कुत्ते को अपना वफादार साथी समझ कर उचित धन खर्च करें| अच्छा हो कि बचाए गए धन से दुधारू पशु पालने की व्यवस्था करें जिससे मेरे देश में फिर से घी दूध की नदियाँ बहने लगे और सभी हस्ट पुष्ट हों|

No comments:

Post a Comment